शताक्षी सिंह ने किया क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन। कहा जीवन का अहम हिस्सा है खेल।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

खैरागढ़ टाइम्स/केसीजी। खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के ग्राम जुनवानी में शुक्रवार को आयोजित जोन स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ एक उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्जवलन के साथ की गई। इसके बाद उन्होंने ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

ध्वजारोहण के साथ ही चारों जोन से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने सुसंगठित कदमताल के साथ परेड प्रस्तुत की। सलामी मंच पर खड़ी शताक्षी सिंह ने बच्चों के तालमेल,अनुशासन और जोश की सराहना की। मैदान में उपस्थित अभिभावक,शिक्षकगण और ग्रामीण भी बच्चों की प्रस्तुति देखकर उत्साहित नजर आए।

खेल मैदान में गूंजा उत्साह, अतिथियों का हुआ आत्मीय स्वागत।

ध्वजारोहण और परेड के बाद मंच पर उपस्थित समस्त अतिथि गणों का शाला परिवार एवं आयोजन समिति द्वारा स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से माल्यार्पण कर अतिथियों का सम्मान किया। मंचासीन अतिथियों ने भी बच्चों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

खेल सिर्फ जीतने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन लाने के लिए जरूरी”— शताक्षी सिंह।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह ने कहा कि शिक्षा की तरह खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि,खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल केवल शारीरिक नही बल्कि मानसिक विकास का भी आधार है। मैदान में सीखे गए अनुशासन,टीमवर्क और धैर्य जीवन के हर क्षेत्र में काम आते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति, शिक्षकगण,ग्राम पंचायत के सरपंच,पंचगण और ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खिलाड़ियों में दिखा भारी उत्साह

प्रतियोगिता में कबड्डी, दौड़, खो-खो,लंबी कूद,रिले रेस समेत विभिन्न खेल स्पर्धाएँ आयोजित की जा रही हैं। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। माता-पिता और ग्रामीण भी अपने क्षेत्र के बच्चों को प्रोत्साहित करते नजर आए।

 

अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,अभिभावक और ग्रामीण शामिल हुए। मंच पर उपस्थित प्रमुख अतिथियों में जनपद सदस्य दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता,ग्राम सरपंच डगेश्वर वर्मा,उपसरपंच समुंद वर्मा,पोषण वर्मा,मोती पाल,सतीश वर्मा,नित्य शरण सिंह,रवि गहने सहित शाला प्राचार्य, शिक्षकगण,शाला विकास समिति के सदस्य,पंचगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *