छुईखदान में आक्रोशित किसानों ने किया चक्काजाम, डेढ़ घंटे तक बाधित रहा आवागमन।
खैरागढ़ टाइम्स/छुईखदान। खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के छुईखदान में खाद की किल्लत से जूझ रहे आक्रोशित किसानों ने सोमवार को छुईखदान महाविद्यालय के नजदीक खैरागढ़ – कवर्धा मुख्य मार्ग में चक्का जाम कर दिया। जिससे मुख्य मार्ग में आवागमन लगभग डेढ़ घंटे तक बाधित रहा।
खाद की किल्लत से नाराज किसानों ने शासन प्रशासन व सहकारी समिति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि मानसून सक्रिय होते ही बुआई शुरु हो चुकी है जिसके बाद सहकारी समितियों में खाद की किल्लत के चलते किसानों को यहां वहां भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति गोपालपुर में कई बार मांग करने के बावजूद भी खाद उपलब्ध नही कराया गया जिससे बोनी प्रभावित हुई है व किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों द्वारा चक्का जाम किये जाने की खबर मिलने के बाद क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व कांग्रेस नेता विजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से बात कर जल्द ही खाद की व्यवस्था कराये जाने का आश्वासन दिया गया व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय वर्मा की समझाइश के बाद पुलिस की मदद से किसानों को शांत कराया गया साथ ही चक्का जाम बंद करवाकर आवागमन को पुनः शुरु कराया गया।
इस बीच किसानों ने कहा कि अगर अभी भी जल्द खाद उपलब्ध नही कराया गया तो और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।

तुलेश सिन्हा खैरागढ़ टाइम्स न्यूज़ पोर्टल के संपादक एवं चीफ एडिटर हैं, जो छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरों और महत्वपूर्ण घटनाओं पर समाचार प्रदान करते हैं।